पहले पिता को खोया, अब मां भी चली गईं, दो मासूमों पर टूटा दुखों का पहाड़

ऊपरघाट के पारटांड टोला में हादसा, पति की मौत के बाद बच्चों का सहारा बनी मां भी नहीं रहीं; परिवार ने सरकारी मदद की गुहार लगाई।

 

नावाडीह I ऊपरघाट के मुंगोरंगामाटी पंचायत अंतर्गत पारटांड टोला में सांप के डंसने से एक महिला की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। स्व. भोला महतो की पत्नी सोमरी देवी को सांप ने डंस लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव का माहौल गमगीन हो गया।

सोमरी देवी की मौत ने उनके दो बच्चों को गहरा सदमा दिया है। बताया जाता है कि दोनों बच्चे पहले ही अपने पिता को खो चुके हैं। पिता की मौत के बाद मां ही उनके लिए सबसे बड़ा सहारा थीं। अब मां की भी मौत हो जाने से दोनों बच्चे कम उम्र में ही माता-पिता के स्नेह और संरक्षण से वंचित हो गए हैं। इस दुखद घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिवार ने खोया बड़ा सहारा

सोमरी देवी की मौत के बाद ग्रामीणों ने शोकाकुल परिवार के घर पहुंचकर संवेदना जताई। ग्रामीणों ने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों की स्थिति बेहद दयनीय है और इस मुश्किल समय में परिवार को सरकारी एवं सामाजिक स्तर पर मदद की जरूरत है।

जिला परिषद सदस्य कुमारी खुशबू महतो ने सोमरी देवी के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि परिवार ने अपना एक बड़ा सहारा खो दिया है और दोनों बच्चों की स्थिति बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने पीड़ित परिवार को सरकारी स्तर पर मिलने वाली सहायता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही।

झाड़-फूंक में समय न गंवाने की अपील

खुशबू महतो ने ग्रामीणों से सांप के डंसने की घटना में झाड़-फूंक के चक्कर में समय बर्बाद नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सांप के डंसने के बाद पीड़ित को तत्काल अस्पताल पहुंचाना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय उपचार मिलने से कई मामलों में जान बचाई जा सकती है।

घटना के बाद पारटांड टोला में सांप के डंसने को लेकर लोगों में चिंता भी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने ऐसे मामलों में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और लोगों को जागरूक करने की जरूरत बताई है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *