मनीष सिन्हा
धनबाद : बस्ताकोला क्षेत्र में श्री श्री गणेश उत्सव पूजा को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। गणेश उत्सव के अवसर पर भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन किया गया। इसके बाद भगवान श्री गणेश की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
कार्यक्रम में बीसीसीएल बस्ताकोला एरिया-9 के महाप्रबंधक एस.के. गायकवाड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
पंडाल उद्घाटन और मूर्ति पूजन के अवसर पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। पूरा पूजा परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ पूजा में हिस्सा लिया और भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस मौके पर उप प्रबंधक श्री कुंडू के अलावा श्री परशुराम चौहान, अक्षय लाल यादव, राहुल चौहान, मनोज चौहान, राकेश चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार गणेश उत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उत्सव को लेकर बस्ताकोला क्षेत्र में लोगों के बीच खासा उत्साह है और पूरे इलाके में भक्ति एवं उल्लास का माहौल बना हुआ है।




