रतन अग्रवाल
सिंदरी : उपायुक्त, धनबाद के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग, धनबाद की ओर से BIT सिंदरी के मेस संचालकों के लिए कॉलेज सभागार में एक दिवसीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्रशिक्षण शिविर (फोस्टेक प्रशिक्षण) का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न मेस से जुड़े कुल 60 खाद्य कारोबारियों ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण के दौरान भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के सूचीबद्ध प्रशिक्षक डॉ. राकेश सिंह ने खाद्य सुरक्षा और इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने खाद्य सुरक्षा के खतरे, खाद्य विषाक्तता (Food Poisoning), खाद्य संक्रमण (Food Infection), खाद्य एलर्जी (Food Allergies) और उनके नियंत्रण के उपायों के बारे में कारोबारियों को जागरूक किया।
इसके अलावा प्रशिक्षण में खाद्य जनित रोग, संचारी एवं गैर-संचारी रोग, फूड ग्रेड रंग, पैकेजिंग सामग्री, बर्तन, एडिटिव्स और प्रिजर्वेटिव्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विशेष जानकारी दी गई। खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और परिवहन को लेकर भी आवश्यक सावधानियों पर प्रकाश डाला गया।
यह प्रशिक्षण शिविर खाद्य सुरक्षा विभाग, धनबाद की ओर से FSSAI के ट्रेनिंग पार्टनर 360 रिसर्च फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धनबाद के खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजा कुमार, चंदन साव, चंद्रदेव गंझू, श्रीमती जैस्मीन केरकेट्टा तथा BIT सिंदरी के मुख्य वार्डन मनोज कुमार मौजूद रहे।
वहीं, 360 रिसर्च फाउंडेशन के प्रांतीय प्रोजेक्ट प्रबंधक राहुल कुमार, प्रोजेक्ट संयोजक अमित कुमार, मोबिलाइजर शुभम कुमार और राहुल पासवान भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजा कुमार ने कहा कि धनबाद जिले के सभी कॉलेजों के मेस, कैंटीन और अन्य खाद्य कारोबारियों के लिए खाद्य सुरक्षा पंजीकरण यानी FSSAI लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन करवाना और फोस्टेक प्रशिक्षण लेना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करते हुए लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना चाहिए।
प्रशिक्षण के दौरान सभी मेस संचालकों और कर्मचारियों को भोजन तैयार करते समय स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई। उन्हें भोजन को आकर्षक बनाने के लिए किसी भी तरह के रंग का इस्तेमाल नहीं करने तथा पौष्टिक और शुद्ध भोजन तैयार करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही कर्मचारियों को भोजन बनाते समय एप्रन और सिर पर टोपी पहनने, व्यक्तिगत स्वच्छता का पूरा ध्यान रखने तथा सभी कर्मचारियों का नियमित मेडिकल चेकअप कराने की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेस में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखना खाद्य कारोबारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।




