पांकी । पांकी थाना क्षेत्र से चोरी हुए महिंद्रा ट्रैक्टर को पलामू पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में अंतरजिला चोर गिरोह के दो सदस्यों को हजारीबाग जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस की विशेष टीम ने लगातार छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान के जरिए महज 48 घंटे में मामले का खुलासा किया।
बरामद ट्रैक्टर का रजिस्ट्रेशन नंबर JH03 5538, इंजन नंबर NJFH01311 और मॉडल 475 DLX है। पुलिस के अनुसार, ग्राम तेतराई निवासी राजेंद्र पांडेय, पिता स्व. चतुर्गुण पांडेय ने 4 सितंबर 2026 को थाना में लिखित आवेदन देकर ट्रैक्टर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन के आधार पर पांकी थाना कांड संख्या 144/2026, दिनांक 04.09.2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देश पर एसडीपीओ लेस्लीगंज के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी सुराग के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और लगातार छापेमारी शुरू की।
तकनीकी सुराग से हजारीबाग पहुंची पुलिस
जांच के दौरान चोरी किए गए ट्रैक्टर की लोकेशन हजारीबाग में मिली। इसके बाद 6 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने हजारीबाग जिले के इचाक थाना क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार (34 वर्ष), पिता बंगाली महतो, ग्राम करियातपुर, थाना इचाक, हजारीबाग तथा लक्ष्मण प्रसाद महतो, पिता स्व. हेमलाल महतो, ग्राम बोंगा, थाना इचाक, हजारीबाग के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया महिंद्रा ट्रैक्टर बरामद किया गया। ट्रैक्टर को जब्त कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि इस अंतरजिला गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। इसे लेकर जांच जारी है और संभावित अन्य आरोपियों की भूमिका खंगाली जा रही है।
छापामारी दल में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई में एसडीपीओ लेस्लीगंज (पांकी) प्रशांत कुमार-2, पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, एसआई रंजीत कुमार, एसआई रविन्द्र राहुल राय सहित पांकी थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
पांकी से चोरी हुए ट्रैक्टर को कम समय में बरामद करने और दो आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर स्थानीय लोगों ने पलामू पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।




