सदर अस्पताल के पास बाइक चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार

सदर अस्पताल के आसपास बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए रांची पुलिस ने छह आरोपियों को पकड़ा और चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद कीं।

आदित्य राज

रांची : सदर अस्पताल रांची के आसपास लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी को पुराने मामले में भी गिरफ्तार किया गया। इसकी जानकारी रांची पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, सदर अस्पताल और उसके आसपास बाइक चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर इलाके में विशेष निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान 6 सितंबर 2026 को सदर अस्पताल परिसर में एक संदिग्ध व्यक्ति के मोटरसाइकिल चोरी की फिराक में घूमने की सूचना पुलिस को मिली।

सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में मिली जानकारी और उसकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान अंसारी उर्फ, उम्र करीब 24 वर्ष, मो. फैजल, उम्र करीब 21 वर्ष, मोसिन राय, उम्र करीब 26 वर्ष, इमरान आलम उर्फ भालो, उम्र करीब 25 वर्ष, मो. जफरुल्लाह, उम्र करीब 20 वर्ष और सैक अंसारी उर्फ राज, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर JH09AJ-8499, JH01DM-2841, JH01BP-4092 और JH05DL-8507 बताए गए हैं।

पुराने मामले में भी वांछित आरोपी पकड़ा गया

छापेमारी के दौरान पुलिस ने लोअर बाजार थाना कांड संख्या 139/2021, दिनांक 7 जून 2021 से जुड़े प्राथमिक अभियुक्त शाहिद राय, उम्र 40 वर्ष, को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में धारा 379 भादवि के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश में लगी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

छापेमारी अभियान में रातू थाना प्रभारी लव कुमार सिंह के साथ पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी टीम और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *