सुदिव्य कुमार के निधन से झारखंड के विश्वकर्मा समाज को बड़ा आघात

मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन पर लोहरदगा जिला विश्वकर्मा समाज ने शोक जताते हुए उन्हें समाज का गौरव और प्रेरणास्रोत बताया।

लोहरदगा । झारखंड सरकार के उच्च शिक्षा, नगर विकास, खेलकूद एवं पर्यटन विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन पर लोहरदगा जिला विश्वकर्मा समाज ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद समाज के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

विश्वकर्मा समाज के लोगों ने कहा कि सुदिव्य कुमार समाज से आने वाले ऐसे जनप्रतिनिधि थे, जिन्होंने अपनी राजनीतिक और सामाजिक यात्रा के जरिए समाज को गौरवान्वित किया। उनके आकस्मिक निधन से समाज ने एक कर्मठ, मिलनसार और जनहित के प्रति समर्पित व्यक्तित्व को खो दिया है।

लोहरदगा जिला विश्वकर्मा समाज के अध्यक्ष दीपक कुमार कर्मकार ने शोक जताते हुए कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार का आकस्मिक निधन बेहद पीड़ादायक और विश्वास से परे है। वे विश्वकर्मा समाज के गौरव थे और समाज के लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहे। उनके निधन से झारखंड की राजनीति के साथ-साथ विश्वकर्मा समाज को भी अपूरणीय क्षति हुई है।

उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार का व्यक्तित्व लोगों के बीच हमेशा सहज, सरल और आत्मीय रहा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

वहीं, समाज के सचिव अमरेश विश्वकर्मा ने कहा कि सुदिव्य कुमार का यूं अचानक चले जाना पूरे समाज के लिए गहरा आघात है। समाज ने अपने बीच से निकले ऐसे जनप्रतिनिधि को खो दिया है, जिन्होंने अपनी मेहनत, व्यवहार और जनसेवा के जरिए अलग पहचान बनाई थी। उनके निधन से समाज में जो कमी पैदा हुई है, उसे भरना आसान नहीं होगा।

अमरेश विश्वकर्मा ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

लोहरदगा जिला विश्वकर्मा समाज ने सामूहिक रूप से दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की। समाज के सदस्यों ने कहा कि उनके योगदान, व्यवहार और व्यक्तित्व को हमेशा याद किया जाता रहेगा। समाज की ओर से ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की कामना की गई।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *