राजडंडा पुल का एक पाया धंसा, लातेहार डीसी ने किया मौके का निरीक्षण

भारी बारिश से राजडंडा पुल का एक पाया पूरी तरह धंस गया है। प्रशासन ने आवागमन रोक दिया है और नया पुल व डायवर्सन बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी है।

मनीष सिंह

महुआडांड़ : प्रखंड क्षेत्र में भारी बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हुए राजडंडा पुल का रविवार को लातेहार उपायुक्त ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से इसकी मौजूदा स्थिति के साथ आवागमन को लेकर की गई सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बताया कि राजडंडा पुल काफी पुराना है और इसका एक पाया पूरी तरह धंस चुका है। पुल की गंभीर स्थिति को देखते हुए एसडीओ और थाना प्रभारी ने इस पर आवागमन रोक दिया है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकने के लिए उठाया गया है।

उपायुक्त ने बताया कि ग्रामीण कार्य विभाग (आरसीडी) के कार्यपालक अभियंता भी पुल का निरीक्षण कर चुके हैं। क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नए पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर की प्रक्रिया चल रही है, जबकि डीपीआर तैयार कर संबंधित विभाग को भेजी जा चुकी है।

पानी कम होते ही बनेगा डायवर्सन

उपायुक्त ने कहा कि फिलहाल नदी में पानी का बहाव काफी तेज है, जिसके कारण तत्काल डायवर्सन का निर्माण संभव नहीं है। जलस्तर और नदी का बहाव कम होते ही डायवर्सन का निर्माण कराया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों के आवागमन की समस्या को अस्थायी रूप से दूर करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि पुल की मौजूदा स्थिति को देखते हुए कोई भी व्यक्ति जान जोखिम में डालकर इसे पार करने की कोशिश न करे। प्रशासन की ओर से पुल पर आवागमन पूरी तरह रोकते हुए लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लेने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *