मजदूरों के शोषण के खिलाफ मोर्चा होगा मजबूत, चंद्रदेव महतो ने दिया संदेश

सिंदरी में हुई बैठक में सदस्यता अभियान तेज करने और क्षेत्रीय व शाखा कमेटियां बनाने पर जोर दिया गया, मजदूर हित में आंदोलन की रणनीति भी तय हुई।

मनीष सिन्हा

सिंदरी : बिरसा समिति सिंदरी में शनिवार, 29 अगस्त को असंगठित मजदूर मोर्चा की बैठक जिलाध्यक्ष सुरेश प्रसाद की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन जिला सचिव पवन महतो ने किया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो और विशिष्ट अतिथि केंद्रीय महामंत्री निताई महतो मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि असंगठित मजदूर मोर्चा धनबाद जिले में एक सशक्त संगठन के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए जिला कमेटी के पदाधिकारियों को सदस्यता अभियान के साथ-साथ क्षेत्रीय और शाखा कमेटियों के गठन पर विशेष जोर देने की जरूरत है।

चंद्रदेव महतो ने कहा कि संगठन में निष्क्रिय लोगों को हटाकर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को जिला कमेटी में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने पदाधिकारियों से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और मजदूरों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया।

केंद्रीय महामंत्री निताई महतो ने कहा कि आने वाले समय में जिला कमेटी को मजदूर हित में ठोस निर्णय लेने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले की विभिन्न ठेका कंपनियों में मजदूरों का शोषण और दोहन लगातार जारी है। इसके खिलाफ क्षेत्रीय स्तर से लेकर जिला स्तर तक चरणबद्ध आंदोलन चलाने की आवश्यकता है।

बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। तय किया गया कि सिंदरी नगर कमेटी की ओर से 22 सितंबर को सिंदरी एफसीआई मुख्य गेट के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। इसके अलावा 6 सितंबर को सिंदरी में जिला कमेटी की अहम बैठक आयोजित की जाएगी।

इस बैठक में बीसीसीएल, सेल, एचयूआरएल समेत विभिन्न कंपनियों में मजदूरों से जुड़े मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा। संगठन ने मजदूर हित से जुड़े मामलों को लेकर आगे आंदोलन को व्यापक रूप देने की बात कही।

बैठक में बाबू राजा, राम विनय सिंह, सहदेव सिंह, शशि सिंह, विक्की सिंह, विरंची महतो, नागेंद्र सिंह, सुरेश सिंह और नयन सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *