मनीष सिन्हा
धनबाद,: केंदुआडीह स्थित राजपूत बस्ती और मुस्लिम बस्ती के 170 विस्थापित परिवार पुनर्वास योजना से संतुष्ट होकर बेलगड़िया टाउनशिप में शिफ्ट होने के लिए तैयार हो गए हैं। बुधवार को केंदुआडीह वीटीसी में आयोजित बैठक में जेआरडीए और बीसीसीएल के अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को पुनर्वास योजना की विस्तृत जानकारी दी।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि बैठक के दौरान ग्रामीणों को बेलगड़िया टाउनशिप में बसाने की योजना और पुनर्वास पैकेज की पूरी रूपरेखा समझाई गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक विस्थापित परिवार को बेलगड़िया में दो क्वार्टर आवंटित किए जाएंगे।
शिफ्टिंग के दौरान मिलेंगे ₹1.5 लाख
अधिकारियों के अनुसार शिफ्टिंग के दौरान प्रत्येक परिवार को तत्काल कुल ₹1.5 लाख की सहायता दी जाएगी। इसमें ₹50 हजार शिफ्टिंग भत्ता, ₹50 हजार किराया भत्ता और ₹50 हजार आजीविका सहायता शामिल है।
पुनर्वास के छह महीने पूरे होने के बाद परिवारों को शेष ₹1 लाख की राशि दी जाएगी। इस तरह प्रत्येक विस्थापित परिवार को कुल ₹2.5 लाख की आर्थिक सहायता मिलेगी।
मंदिर, मस्जिद और कब्रिस्तान की मांग
बैठक में स्थानीय ग्रामीणों ने बेलगड़िया टाउनशिप में मंदिर, मस्जिद और कब्रिस्तान जैसी धार्मिक एवं सामाजिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। अधिकारियों ने बताया कि टाउनशिप में फिलहाल एक मस्जिद पहले से मौजूद है।
ग्रामीणों की मांग पर जेआरडीए की ओर से अतिरिक्त मंदिर, मस्जिद और कब्रिस्तान के निर्माण पर सकारात्मक रूप से विचार करने का आश्वासन दिया गया।
आश्वासन से संतुष्ट हुए विस्थापित परिवार
अधिकारियों के आश्वासन और पुनर्वास पैकेज की शर्तों से स्थानीय निवासी संतुष्ट नजर आए। बैठक के बाद 170 परिवारों ने बेलगड़िया टाउनशिप में शिफ्ट होने पर सहमति जताई।
बैठक में बीसीसीएल पुटकी बलिहारी के सीनियर मैनेजर सतीश कुमार गुप्ता और असिस्टेंट मैनेजर (आर एंड आर) पावन वत्स समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




