संभल : जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुन्नौर तहसील में तैनात लेखपाल अमन कुमार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई बुधवार को धनारी थाना क्षेत्र में हाईवे पर की गई, जहां टीम ने पहले से बनाई गई योजना के तहत आरोपी को दबोचा।
जानकारी के अनुसार, लेखपाल अमन कुमार ने एक ग्रामीण से उसकी पट्टे की भूमि की पैमाइश कराने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत मांगे जाने से परेशान ग्रामीण ने इसकी शिकायत मुरादाबाद की एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की पुष्टि की और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
बुधवार को तय योजना के अनुसार एंटी करप्शन टीम ने धनारी थाना क्षेत्र में हाईवे पर घेराबंदी की। जैसे ही लेखपाल ने ग्रामीण से रिश्वत की रकम ली, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। अचानक हुई गिरफ्तारी से मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं, लेखपाल की गिरफ्तारी की खबर से तहसील प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी लेखपाल को धनारी थाने ले गई। वहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई के बाद गुन्नौर तहसील में तैनात अन्य कर्मचारियों में भी खलबली मची हुई है। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।



