गौरीगंज, अमेठी : स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी अमेठी की ओर से गुरुवार को गौरीगंज में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। फल मंडी तिराहा से शुरू हुई यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए गौरीगंज ब्लॉक स्थित शहीद स्मारक पहुंची। हाथों में तिरंगा लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और राष्ट्रभक्त नागरिकों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों के साथ देशभक्ति का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने किया। उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री और अमेठी की प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में यात्रा में शामिल हुईं। जिला प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी की भी कार्यक्रम में मौजूदगी रही।
भाजपा प्रवक्ता चन्द्रमौलि सिंह ने बताया कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करता है।
यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, पूर्व जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष उमाशंकर पांडे, पूर्व जिलाध्यक्ष रामप्रसाद मिश्रा और पूर्व जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी समेत जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा गौरीगंज क्षेत्र देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।




