मनीष सिन्हा
सिंदरी : बलियापुर थाना क्षेत्र के रांगामटिया में बुधवार की देर रात चोरों ने एक आवास को निशाना बनाकर नकदी और जेवर चोरी कर लिए। चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का कब्जा ताले समेत काट दिया और अंदर घुसकर तीन अलमारियों के दरवाजे तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत एक लाख रुपये से कम बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार रांगामटिया निवासी श्री रूप नारायण चैटर्जी के आवास संख्या आईएम 629-630 में यह घटना हुई। आशंका है कि चोरों ने मध्यरात्रि के बाद उस समय वारदात को अंजाम दिया, जब आसपास के लोग गहरी नींद में थे। चोर घर के मुख्य दरवाजे को काटकर अंदर दाखिल हुए और अलमारियों को खंगालने के बाद नकदी और जेवर लेकर फरार हो गए।
सुबह पड़ोसी की नजर पड़ी तो हुआ खुलासा
घटना का पता बुधवार सुबह करीब 10 बजे चला। पड़ोस में आईएम 631/632 में रहने वाली शकुंतला देवी की नजर घर के दरवाजे पर पड़ी। दरवाजा क्षतिग्रस्त देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोगों को चोरी की जानकारी हुई।
इसके बाद दूरभाष के माध्यम से रूप नारायण चैटर्जी को घटना की सूचना दी गई। उन्होंने एल/387 निवासी अपने भतीजे समीर चैटर्जी को मौके पर जाकर स्थिति देखने और उन्हें पूरी जानकारी देने को कहा।
पुलिस जांच में जुटी, दबिश की बात
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को भी सूचना दी गई। खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से संदिग्धों की तलाश में दबिश दिए जाने की बात कही गई। स्थानीय लोगों में चोरी की इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों तक पहुंचने के लिए घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। चोरी गए नकदी और जेवर की वास्तविक कीमत तथा अन्य विवरण भी जांच के बाद स्पष्ट होने की उम्मीद है।




