CDS में AIR-189 लाकर अहान सिंह ने बढ़ाया धनबाद का गौरव, सम्मान

UPSC CDS-2 में AIR-189 हासिल कर अहान सिंह का चयन OTA चेन्नई के लिए हुआ। गुरुकुलम स्कूल में सम्मान कर शिक्षकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मनीष सिन्हा

धनबाद :  संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की CDS-2 परीक्षा में ऑल इंडिया 189वीं रैंक हासिल कर धनबाद के अहान सिंह ने जिले का नाम रोशन किया है। शानदार सफलता के बाद उनका चयन प्रतिष्ठित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA), चेन्नई के लिए हुआ है। इस उपलब्धि पर सरायढेला स्थित उनके पूर्व विद्यालय श्री श्री सूर्यदेव सिंह स्मृति गुरुकुलम स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित कर अहान को बधाई दी गई।

हीरापुर के झारखंड मैदान निवासी स्वर्गीय रामानुज प्रसाद सिंह के पुत्र अहान सिंह की सफलता पर गुरुकुलम स्कूल परिवार ने खुशी जताई। समारोह में स्कूल की एडमिनिस्ट्रेटर किरण सिंह, प्रिंसिपल रितिका राज और शिक्षक नागेश्वर सिंह ने उनका स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एडमिनिस्ट्रेटर किरण सिंह ने अहान को शाल, मोमेंटो और बुके देकर सम्मानित किया। इस दौरान अहान की मां राखी सिंह भी मौजूद रहीं।

गुरुकुलम के मार्गदर्शन को दिया सफलता का श्रेय

अहान सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुकुलम स्कूल के बेहतर मार्गदर्शन, शिक्षकों की प्रेरणा और अनुशासित शैक्षणिक माहौल को दिया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए धैर्य के साथ लगातार मेहनत करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि रक्षा सेवा में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं को पढ़ाई के साथ शारीरिक फिटनेस और मानसिक मजबूती पर भी ध्यान देना चाहिए। उनके मुताबिक लक्ष्य तय कर नियमित तैयारी और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने से सफलता की राह आसान हो सकती है।

स्कूल ने कहा- अहान की उपलब्धि गर्व का विषय

स्कूल की एडमिनिस्ट्रेटर किरण सिंह ने कहा कि अहान की उपलब्धि पूरे गुरुकुलम परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अहान ने अपनी मेहनत और लगन से साबित किया है कि सही दिशा में किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ह्यूमैनिटीज समेत हर विषय में करियर की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। आज के युवा डिफेंस सर्विसेज के साथ कंटेंट क्रिएशन, इंटरनेशनल रिलेशंस और पब्लिक पॉलिसी जैसे क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बना सकते हैं।

शिक्षकों ने दी देश सेवा की शुभकामनाएं

प्रिंसिपल रितिका राज और शिक्षक नागेश्वर सिंह ने भी अहान सिंह को उनकी सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि अहान की उपलब्धि विद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि अहान भविष्य में देश की सेवा करते हुए गुरुकुलम स्कूल और धनबाद का नाम और ऊंचा करेंगे। समारोह के दौरान विद्यालय परिवार ने उन्हें देश सेवा के नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं।

CDS में AIR-189 की उपलब्धि ने अहान सिंह के परिवार और गुरुकुलम स्कूल के साथ-साथ धनबाद को भी गौरवान्वित किया है। अब OTA चेन्नई में प्रशिक्षण के बाद उनके सामने देश सेवा की नई जिम्मेदारी होगी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *