सुलतानपुर: विधानसभा चुनाव से पहले एक वायरल वीडियो ने सुलतानपुर की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे इस वीडियो में एक महिला ने भाजपा विधायक विनोद सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने मामले को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
वायरल वीडियो में महिला ने आरोप लगाया है कि उसे कई महीनों तक फोन कर परेशान किया गया। महिला ने दावा किया कि 3 जून की रात लखनऊ के हजरतगंज स्थित एक निजी अपार्टमेंट में उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया। उसने विरोध करने पर अपनी 10 वर्षीय बेटी और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।
महिला के अनुसार, घटना के बाद वह परिवार के साथ दिल्ली चली गई और पुलिस एवं प्रशासन से शिकायत की, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला।
वहीं, दूसरी ओर भाजपा विधायक विनोद सिंह की ओर से 10 जुलाई को हजरतगंज कोतवाली में महिला और उसके पति के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने एफसीआई गोदाम का ठेका दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने का प्रयास किया।
फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। महिला के आरोप और विधायक की शिकायत की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
वायरल वीडियो के बाद चुनावी माहौल के बीच सुलतानपुर की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है।




