सिमडेगा : ठेठईटांगर प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रखंड मैदान में शुक्रवार से पांचवें डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम अंतरराज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आगाज होगा। टूर्नामेंट को लेकर आयोजन समिति द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उद्घाटन समारोह दोपहर 1 बजे आयोजित किया जाएगा।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला पीके ब्रदर्स खलारी और टीएफसी सिमडेगा के बीच खेला जाएगा। वहीं दूसरे मुकाबले में अफजल एफसी खैरनटोली और साइक्लोन एफसी रांची की टीमें आमने-सामने होंगी। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह के शामिल होने की जानकारी दी गई है। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि शमी आलम एवं रावेल लकड़ा उपस्थित रहेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार, इस वर्ष टूर्नामेंट में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य राज्यों की टीमें भी हिस्सा ले रही हैं। इससे प्रतियोगिता में रोमांच बढ़ने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजकों ने जिले के खेलप्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रखंड मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और टूर्नामेंट को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं। समिति ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को बेहतर खेल मैदान एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया गया है।




