वासु कुमार
महागामा (गोड्डा)। जिले के शिक्षकों ने अपनी विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बुधवार को महागामा प्रखंड सभागार में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान गोड्डा के उपायुक्त लोकेश मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने कहा कि कई बार मांग उठाने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक एवं प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में शिक्षकों ने सबसे प्रमुख मुद्दा वेतन भुगतान में हो रही लगातार देरी का उठाया। उन्होंने बताया कि वित्त विभाग के पत्रांक-2366, दिनांक 30 जुलाई 2026 में समय पर वेतन भुगतान के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद जिले के शिक्षकों को निर्धारित समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। इससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
शिक्षकों ने नव नियुक्त शिक्षकों की सेवा पुस्तिका (सर्विस बुक) का संधारण शीघ्र कराने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने की मांग भी की। उनका कहना था कि सेवा पुस्तिका तैयार नहीं होने से वेतन निर्धारण, पदोन्नति तथा अन्य सेवा संबंधी लाभों में भविष्य में परेशानी हो सकती है।
ज्ञापन में नव नियुक्त सहायक आचार्यों के लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी की गई। शिक्षकों ने कहा कि लंबे समय से बकाया वेतन नहीं मिलने के कारण कई शिक्षक आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं।
शिक्षकों ने उपायुक्त से संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर सभी लंबित मामलों का शीघ्र समाधान कराने का आग्रह किया। उनका कहना था कि समस्याओं के समाधान से शिक्षक बिना किसी बाधा के पूरी निष्ठा के साथ शैक्षणिक कार्यों का निर्वहन कर सकेंगे।
इस अवसर पर अतिकुर रहमान, विनोद कुमार गुप्ता, मिथिलेश कुमार, रीतेश रंजन, मुरारी प्रसाद शर्मा, नियाज अहमद, शहजाद अनवर, पवन कुमार, सुनील पंडित, सनातन कुमार दास, राजेंद्र पंडित, निलेश कुमार, इम्तियाज सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करेगा और वेतन भुगतान, सेवा पुस्तिका संधारण तथा अन्य लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करेगा।




