शिक्षक दिवस पर लायंस क्लब गिरिडीह एलिट ने शिक्षकों को किया सम्मानित

शिक्षक दिवस पर लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलिट ने किरण पब्लिक स्कूल के पांच वरिष्ठ शिक्षकों को शॉल और पौधे देकर सम्मानित किया।

विलियम जैकब

गिरिडीह : शिक्षक दिवस के अवसर पर लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलिट की ओर से किरण पब्लिक स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान स्कूल के पांच वरिष्ठ शिक्षक एवं शिक्षिका को शॉल और पौधे देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रीजन चेयरपर्सन लायन धर्म प्रकाश ने कहा कि शिक्षक केवल किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि जीवन जीने की कला भी सिखाते हैं। माता-पिता बच्चे को जन्म देते हैं, लेकिन शिक्षक उसे एक बेहतर इंसान बनाने और जीवन में सही दिशा चुनने की सीख देते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन लायन राजेश कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि वे अपने सभी गुरुओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने उन्हें जीवन में इस मुकाम तक पहुंचने योग्य बनाया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की सफलता में उसके शिक्षकों की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रहती है।

क्लब अध्यक्ष लायन राहुल वर्मन ने कहा कि जीवन में हासिल होने वाली हर सफलता के पीछे शिक्षकों का योगदान रहता है। उन्होंने कहा कि जीवन के संघर्षों का सामना करने और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने की सीख शिक्षक ही देते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को नमन करते हुए उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

स्कूल के चेयरमैन श्री अशोक कुमार सिंह ने शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलिट की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्लब की ओर से किया गया यह प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय है।

स्कूल के निदेशक श्री राजीव कुमार सिंह ने भी क्लब की प्रशंसा करते हुए कहा कि लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलिट सामाजिक और सार्वजनिक कार्यों में हमेशा सक्रिय भूमिका निभाता रहा है।

सम्मानित शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने क्लब के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मानित होकर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष लायन मसरूर आलम सिद्दीकी, लायन गौतम सागर, लायन अवनीश अंशु, लायन शत्रुघ्न सिंह सहित क्लब के कई सदस्य उपस्थित रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *