प्रतापगढ़ : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर प्रतापगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्रों के बीच उत्साह नजर आ रहा है। कार्यक्रम में प्रदेशभर से छात्र-छात्राओं के शामिल होने की बात कही जा रही है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी छात्र-छात्राओं से शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि इन विषयों को लेकर युवाओं के बीच लगातार चर्चा हो रही है और कार्यक्रम में छात्रों को अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा।
डॉ. नीरज त्रिपाठी के मुताबिक, प्रतापगढ़ से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंजीकरण कराया है। प्रयागराज पहुंचने वाले छात्रों के लिए सामूहिक यात्रा की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक युवा कार्यक्रम में भाग ले सकें।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता मासूम हैदर और कोषाध्यक्ष वेदान्त तिवारी ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान शिक्षा में पारदर्शिता, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार से जुड़े सवाल युवाओं के लिए अहम हैं और इन मुद्दों पर खुली चर्चा जरूरी है।
वहीं, जिला उपाध्यक्ष राम शिरोमणि वर्मा और मनरेगा प्रभारी रवि भूषण सिन्हा ने छात्र-छात्राओं, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रयागराज पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की। कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि कार्यक्रम में प्रतापगढ़ की भागीदारी को व्यापक बनाने के लिए कार्यकर्ता लगातार छात्रों से संपर्क कर रहे हैं।




