धनबाद I ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के आठवें दिन धनबाद रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उन्मूलन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेल अधिकारियों ने यात्रियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए इसके इस्तेमाल से बचने की अपील की।
अभियान के तहत यात्रियों के बीच जूट बैग का वितरण किया गया। रेल अधिकारियों ने यात्रियों से प्लास्टिक की थैलियों की जगह जूट और कपड़े के थैलों का इस्तेमाल करने का आग्रह किया। अधिकारियों ने कहा कि रोजमर्रा की जरूरतों में प्लास्टिक बैग का उपयोग कम करना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस दौरान धनबाद मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत स्थापित प्लास्टिक बोतल क्रशर मशीनों का भी निरीक्षण किया गया। रेल अधिकारियों ने यात्रियों को इन मशीनों के उपयोग की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी और खाली प्लास्टिक बोतलों को निर्धारित तरीके से मशीन में डालने के लिए प्रेरित किया।
रेलवे की ओर से बताया गया कि प्लास्टिक बोतल क्रशर मशीनों के इस्तेमाल से खाली बोतलों का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। इससे स्टेशनों पर प्लास्टिक कचरे को कम करने और परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में भी सहयोग मिलेगा।
अभियान के माध्यम से यात्रियों से स्वच्छता बनाए रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई। रेलवे ने यात्रियों से प्लास्टिक का उपयोग छोड़कर पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने का संदेश दिया।




