पचंबा थाना में देर रात हंगामा, छेड़खानी की शिकायत पर मचा बवाल

गिरिडीह के पचंबा थाना परिसर में दो पक्षों में कहासुनी के बाद हंगामा हुआ। पुलिस ने भीड़ को हटाया, जबकि लाठीचार्ज की बात भी सामने आई है।

विलियम जैकब

गिरिडीह : पचंबा थाना परिसर में गुरुवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छेड़खानी की शिकायत लेकर एक नाबालिग लड़की थाना पहुंची। उसके साथ भाजपा नेता सह वार्ड पार्षद संजीव सिंह गुड्डू भी पहुंचे थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद पचंबा वार्ड नंबर-2 के पार्षद लालो राइन भी कुछ लोगों के साथ थाना पहुंचे।

बताया जाता है कि इसी दौरान थाना परिसर में मौजूद लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला नोकझोंक में बदल गया और लोग दो पक्षों में बंट गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए भीड़ को थाना परिसर से खदेड़ दिया। इस दौरान पुलिस की ओर से लाठी भांजे जाने की बात भी सामने आई है। इसके बाद कुछ देर में थाना परिसर की स्थिति सामान्य हुई।

भाजपा-आजसू नेताओं ने जताई नाराजगी

घटना की सूचना मिलने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय, उपाध्यक्ष नवीन सिन्हा, भाजपा नेता दिनेश यादव और आजसू नेता कम्पू यादव समेत कई भाजपा-आजसू नेता व कार्यकर्ता पचंबा थाना पहुंचे। सूचना मिलने पर डीएसपी रूपेंद्र कुमार राणा और इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन भी थाना पहुंचे।

थाना के स्वागत कक्ष में पुलिस अधिकारियों और भाजपा-आजसू नेताओं के बीच काफी देर तक बैठक हुई। थाना प्रभारी राजीव कुमार भी बैठक में मौजूद रहे। इस दौरान नेताओं ने नाबालिग से कथित छेड़खानी के मामले में नाराजगी जताते हुए आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

भाजपा नेता दिनेश यादव ने कहा कि वर्तमान समय में लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग भी सुरक्षित नहीं हैं। बैठक में नेताओं ने मांग की कि नाबालिग से छेड़खानी के आरोपी युवक, उसके पिता और कथित रूप से संरक्षण देने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।

डीएसपी ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा

डीएसपी रूपेंद्र कुमार राणा ने भाजपा नेताओं को आश्वासन दिया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले में त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपी कोई भी हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

डीएसपी के आश्वासन के बाद करीब रात एक बजे भाजपा-आजसू नेता और कार्यकर्ता थाना परिसर से लौटे। देर रात तक चले घटनाक्रम को देखते हुए पचंबा थाना परिसर में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.