स्कॉलर बीएड कॉलेज में नए विद्यार्थियों का स्वागत, अनुशासन पर जोर

स्कॉलर बीएड कॉलेज में सत्र 2026–28 के विद्यार्थियों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम हुआ, जिसमें पाठ्यक्रम, इंटर्नशिप, अनुशासन और शिक्षकीय जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।

गिरिडीह I स्कॉलर बी.एड. महाविद्यालय, गिरिडीह में बी.एड. सत्र 2026–28 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को बी.एड. प्रशिक्षण की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, अनुशासन और महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या डॉ. शालिनी खोवाला एवं शिक्षकों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने अपना परिचय दिया। शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने भी विद्यार्थियों से परिचय प्राप्त किया तथा बी.एड. प्रशिक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी साझा की।

इस दौरान विद्यार्थियों को बी.एड. पाठ्यक्रम की संरचना, विषयों, कक्षा-शिक्षण, प्रायोगिक कार्य, विद्यालयी इंटर्नशिप और आंतरिक मूल्यांकन समेत विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया गया। शिक्षकों ने कहा कि शिक्षक प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं है। इसके जरिए विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, संवेदनशीलता, नेतृत्व क्षमता और प्रभावी शिक्षकीय व्यवहार विकसित करना भी जरूरी है।

नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय के नियम-कायदे, नियमित उपस्थिति, समयपालन और आचार-संहिता की जानकारी दी गई। शिक्षकों एवं सहपाठियों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के महत्व पर भी जोर दिया गया।

प्राचार्या ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र

प्राचार्या डॉ. शालिनी खोवाला ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय का समय केवल पढ़ाई और परीक्षा तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य को दिशा देने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने, अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर गंभीर रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि बी.एड. के दो वर्षों के दौरान विद्यार्थी बेहतर शिक्षक बनने के साथ एक जिम्मेदार नागरिक और संवेदनशील इंसान के रूप में भी स्वयं को विकसित करें। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नए सत्र की शुरुआत नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण और महाविद्यालय से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे, जिनका शिक्षकों ने समाधान किया। विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष चौधरी ने किया। प्रभावी और उत्साहपूर्ण मंच संचालन से कार्यक्रम का माहौल जीवंत बना रहा। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. राजेंद्र प्रसाद एवं डॉ. सुधांशु शेखर जमैयार रहे।

इस अवसर पर सहायक व्याख्याता डॉ. हरदीप कौर, डॉ. सुधांशु शेखर जमैयार, डॉ. प्रवीण मिश्रा, डॉ. डॉली कुमारी, रणजीत कुमार सिंह, डॉ. प्रिया कुमारी एवं आशीष राज सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा बी.एड. सत्र 2026–28 के विद्यार्थी मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *