रिपोर्ट: मनीष सिन्हा | लोक मंत्र , धनबाद
धनबाद के पुलिस केंद्र स्थित पुलिस सभागार में बुधवार से तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट-2026 का शुभारंभ हुआ। यह पुलिस ड्यूटी मीट 5 अगस्त से 7 अगस्त तक आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम का उद्घाटन बोकारो प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण भी किया।
कार्यक्रम में धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी मो. एस. याकूब, डीएसपी प्रकाश सोय, डीएसपी (साइबर) प्रदीप साव, सीआईडी एवं एफएसएल के वरिष्ठ अधिकारी, जिले के थाना प्रभारी, सब-इंस्पेक्टर, इंस्पेक्टर तथा पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस ड्यूटी मीट का उद्देश्य अनुसंधान (इन्वेस्टिगेशन) की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक रेंज में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के विजेता राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट में भाग लेते हैं, जबकि राज्य स्तर के विजेता राष्ट्रीय पुलिस ड्यूटी मीट में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में फोटोग्राफी, वैज्ञानिक अपराध अनुसंधान, साक्ष्य संकलन, पैकिंग, फॉरवर्डिंग सहित कई महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। प्रतियोगिता का संचालन सीआईडी और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) के विशेषज्ञों द्वारा किया जाता है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार बेहतर कार्य करने के लिए प्रयासरत है और समाज की संतुष्टि ही पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
वहीं, एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि तीन दिवसीय पुलिस ड्यूटी मीट सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों के लिए सीखने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध से निपटने के लिए पुलिस हर स्तर पर प्रभावी रणनीति के साथ कार्य कर रही है।
एसएसपी ने जिलेवासियों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि वाहन चालक जल्दबाजी में गलत लेन का उपयोग न करें तथा मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
उन्होंने बताया कि गोविंदपुर फ्लाईओवर निर्माण कार्य के कारण गोविंदपुर और निरसा क्षेत्र में फिलहाल जाम की समस्या बनी हुई है, लेकिन फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को इससे राहत मिलेगी।
पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया पर जानकारी देते हुए एसएसपी ने कहा कि धनबाद जिले में अब पासपोर्ट वेरिफिकेशन पूरी तरह डिजिटल हो चुका है। पहले लगभग 1300 आवेदन लंबित थे, जबकि 1 अगस्त से डिजिटल प्रक्रिया लागू होने के बाद लंबित मामलों की संख्या घटकर लगभग 580 रह गई है। इससे आम लोगों को पासपोर्ट सत्यापन में काफी सुविधा मिलेगी।




