भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रदेश कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे और स्वागत की तैयारियों की समीक्षा की। प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का झारखंड में यह दूसरा दौरा होगा। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और स्वागत कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियां की गई हैं।
शाम सात बजे रांची पहुंचेंगे नितिन नवीन
अमर कुमार बाउरी के अनुसार, नितिन नवीन 23 अक्टूबर को शाम सात बजे रांची हवाई अड्डे पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा की व्यवस्था की गई है। राजधानी के विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। प्रदेश भाजपा ने स्वागत कार्यक्रम को लेकर संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
अपने झारखंड प्रवास के दौरान नितिन नवीन 24 अक्टूबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में भाग लेंगे। इस दौरान वह पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। बैठक में संगठन के कामकाज की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति और पार्टी की गतिविधियों को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है।
प्रदेश कार्यालय में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय और राकेश प्रसाद, संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र, अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह उपस्थित रहे।
इसके अलावा प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, अमित सिंह, अमरदीप यादव, मनीर उरांव, शालिनी बैसिखियार, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, कोषाध्यक्ष दीपक बंका और प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह सहित कई अन्य पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। बैठक में स्वागत व्यवस्था और दौरे से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा की गई।




