राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी अमन सिंह को नम आंखों से श्रद्धांजलि, फतेहपुर में शोक सभा आयोजित

राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी अमन सिंह के सड़क दुर्घटना में निधन के बाद फतेहपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में शोक सभा आयोजित कर खिलाड़ियों, कोच और पदाधिकारियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

फतेहपुर : राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी अमन सिंह के सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन से खेल जगत में गहरा शोक व्याप्त है। उनकी स्मृति में फतेहपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला हॉकी संघ की ओर से शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

शोक सभा की शुरुआत अमन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर हुई। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। माहौल पूरी तरह भावुक रहा और खिलाड़ियों ने अपने साथी को नम आंखों से याद किया।

जिला हॉकी संघ के सचिव लखन सिंह ने कहा कि अमन सिंह केवल एक बेहतरीन हॉकी खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि अनुशासित, समर्पित और ऊर्जावान युवा भी थे। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा से अलग पहचान बनाई थी। उनका असमय निधन न केवल फतेहपुर बल्कि प्रदेश और देश के खेल जगत के लिए भी अपूरणीय क्षति है।

इस दौरान साथी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने अमन सिंह के साथ बिताए यादगार पलों को साझा करते हुए भारतीय हॉकी के प्रति उनके समर्पण और योगदान को याद किया। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

शोक सभा के समापन पर फतेहपुर जिला हॉकी संघ की ओर से शोक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसे अमन सिंह के परिजनों को भेजा जाएगा। कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारी वीरेंद्र सिंह, सुमित सौरभ, अमित गुप्ता, आयुष गुप्ता, प्रिंस मौर्य, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के खिलाड़ी वत्सल तिवारी, वैभव सिंह, आदित्यांश सिंह, धीरेन्द्र गोयल, अमन पाल, अक्षय सिंह, वरिष्ठ कोच तथा स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.