लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, किसानों की समस्याओं, महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह चरमरा गई हैं और किसान तथा आम जनता लगातार परेशान हैं। महंगाई और भ्रष्टाचार ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता से बाहर होने के बाद ही जनता की समस्याओं का समाधान संभव होगा।
अखिलेश यादव मंगलवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में किसानों और नौजवानों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान डॉ. दिग्विजय भाटी के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन (बीआर अंबेडकर) के किसानों ने उनसे मुलाकात की। डॉ. भाटी ने बताया कि किसान अमरोहा से करीब 400 किलोमीटर की यात्रा कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से लखनऊ पहुंचे हैं।
कार्यक्रम के दौरान आंबेडकर सेना मेरठ के राष्ट्रीय संयोजक मुकेश सिद्धार्थ ने ललिता गौतम प्रकरण में न्याय की लड़ाई में सहयोग करने के लिए अखिलेश यादव का आभार जताया। उन्होंने बताया कि इस संघर्ष के दौरान 16 आंदोलनकारियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
वहीं, गाजियाबाद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण रूहेला ने अखिलेश यादव को ‘गुमनाम क्रांतिकारी’ पुस्तक भेंट की। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों पर सपा अध्यक्ष से बातचीत की।
अखिलेश यादव ने फिरोजाबाद के शिकोहाबाद निवासी अंकित राठौर का हालचाल भी लिया। उन्होंने कहा कि लोहिया संस्थान में कथित तौर पर गलत इंजेक्शन लगाए जाने के बाद अंकित का हाथ काटना पड़ा। अखिलेश ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर लोहिया अस्पताल प्रशासन से बातचीत भी की है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चौपट हो चुकी हैं। उनके मुताबिक, इलाज के नाम पर मरीजों से कथित तौर पर लूट हो रही है और व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी नहीं है।
अखिलेश यादव ने अपनी सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए 108 एम्बुलेंस सेवा, नवजात शिशुओं और प्रसूताओं के लिए 102 एम्बुलेंस सेवा तथा अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल-100 पुलिस रिस्पांस सिस्टम शुरू किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इन जनहितकारी व्यवस्थाओं को बर्बाद कर दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसान सबसे अधिक परेशान हैं। इस दौरान किसान नेताओं ने कहा कि देश और प्रदेश को बचाने के लिए अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना और सामाजिक न्याय की व्यवस्था स्थापित करना जरूरी है। उन्होंने लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी के साथ खड़े रहने का संकल्प भी जताया।
अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा सरकार से मुक्ति को लेकर उत्साहित है और पीडीए समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए बूथ स्तर तक संकल्पित है।




