मनीष सिन्हा
धनबाद : शहर के विकास को गति देने की दिशा में धनबाद नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। बाबूडीह स्थित नगर निगम विवाह भवन में शनिवार को आयोजित नगर निगम की पांचवीं बोर्ड बैठक में करीब 200 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इन योजनाओं में पेयजल, सड़क, नाली, स्वच्छता सहित शहर की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
बैठक के दौरान धनबाद के महापौर संजीव सिंह ने कहा कि शहर का समग्र विकास और प्रत्येक नागरिक को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ शहर के प्रत्येक वार्ड तक पहुंचे, इसके लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है।
महापौर ने कहा कि योजनाओं को मंजूरी देना पहला चरण है, लेकिन वास्तविक लक्ष्य इन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना है। धनबाद तेजी से विकसित हो रहा शहर है और बढ़ती आबादी के अनुरूप नागरिक सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। उन्होंने पेयजल संकट, जर्जर सड़कों, जलनिकासी, नाली और स्वच्छता जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही।
बोर्ड बैठक में सभी वार्ड पार्षदों की सहमति से विकास योजनाओं को मंजूरी मिलने को महापौर ने शहर के विकास के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता बताया। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड की स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं तैयार की जा रही हैं, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
बैठक में वार्ड पार्षदों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास से जुड़ी जरूरतों को प्रमुखता से उठाया। पार्षदों की ओर से रखे गए मुद्दों पर चर्चा के बाद संबंधित अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
करीब 200 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी मिलने के बाद अब नगर निगम क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर पेयजल, सड़क, नाली और स्वच्छता से जुड़े कार्यों को लेकर शहरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बैठक में डिप्टी मेयर अरुण चौहान, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, सभी वार्ड पार्षद, स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य और नगर निगम के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




