अमरगढ़ कोट लूटकांड का खुलासा, पुलिस ने चार बदमाशों को किया गिरफ्तार

प्रतापगढ़ पुलिस ने अमरगढ़ कोट में महिला को बंधक बनाकर हुई लूट का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जेवर और अन्य सामान बरामद किए।

प्रतापगढ़ : थाना आसपुर देवसरा क्षेत्र के गोदलपट्टी अमरगढ़ में हुई चोरी और लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के बर्तन और मंदिर की सजावट में इस्तेमाल होने वाले झूमर बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक 2 अगस्त को अमरगढ़ कोट निवासी एक महिला के घर में नकाबपोश बदमाशों ने प्रवेश किया था। आरोपियों ने आलमारी का ताला तोड़कर जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला के हाथ-पैर बांध दिए थे और मौके से फरार हो गए थे। घटना के संबंध में थाना आसपुर देवसरा में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में थाना आसपुर देवसरा पुलिस, एसओजी/स्वॉट टीम, सर्विलांस सेल और स्पेशल टीम को लगाया गया था। थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने लगातार कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले दो आरोपी मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए थे। इसके बाद उनके अन्य साथियों को भी पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मोहित सिंह निवासी कटार गोडे चिलबिला, रजनीश पटेल निवासी मेंहदिया, गोविंद सिंह निवासी गोड़े और डब्लू वर्मा निवासी पड़री मुश्तर्का शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से सोने के कंगन, अंगूठियां, चेन, झुमके, मांगटीका, पायल, बिछिया, चांदी के बर्तन और मंदिर में लगाए गए चार झूमर बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई में थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया, एसओजी प्रभारी अमित चौरसिया, सर्विलांस सेल प्रभारी अजीत सिंह, स्पेशल टीम प्रभारी विजेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *