प्रतापगढ़ : महुली में छत गिरने से एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत के बाद उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, प्रतापगढ़ ने गहरा शोक व्यक्त किया। संगठन के जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुमार केसरवानी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने पहले महुली पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की। इसके बाद प्रतिष्ठान पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर दिवंगतों को याद किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर महुली हादसे में जान गंवाने वाले लोगों सहित हाल के दिनों में दिवंगत हुए कई व्यापारियों और समाजसेवियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुमार केसरवानी ने कहा कि पुराने और जर्जर मकानों की समय रहते मरम्मत कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई भवन रहने के लिए असुरक्षित हो तो उसमें रहने के बजाय सुरक्षित स्थान का विकल्प चुनें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने शासन और प्रशासन से जिलेभर में पुराने एवं जर्जर भवनों का सर्वे कराने की मांग की। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को ब्याजमुक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की अपील की, जिससे वे अपने मकानों की मरम्मत करा सकें या सुरक्षित व्यवस्था कर सकें।
बैठक में व्यापार मंडल के महामंत्री संजय सोनी सहित संगठन के कई पदाधिकारी, व्यापारी और अन्य लोग मौजूद रहे।




