धनबाद मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान, 461 यात्री पकड़े गए, वसूला गया लाखों का जुर्माना

धनबाद रेल मंडल के मेगा टिकट चेकिंग अभियान में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले 461 यात्रियों से 3.68 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।

मनोज सिन्हा

धनबाद : पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल में गुरुवार को बड़े स्तर पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। सुनियोजित कार्यक्रम के तहत दिन और रात दोनों समय चलाए गए इस अभियान में बिना टिकट यात्रा करने वाले, गलत श्रेणी में यात्रा करने वाले और बिना बुक किए सामान के साथ सफर कर रहे यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान कुल 461 यात्रियों को पकड़ा गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए गए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्री शामिल थे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान इन यात्रियों से कुल 3,68,340 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। साथ ही सभी यात्रियों को भविष्य में उचित टिकट लेकर ही यात्रा करने की सख्त हिदायत दी गई।

मेगा अभियान के तहत टिकट जांच टीमों ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों के अलावा कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी व्यापक जांच अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि धनबाद मंडल में टिकट जांच अभियान नियमित रूप से जारी है और भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार की जाएगी।

अभियान के दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ भी देखी गई। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म में प्रवेश करने और यात्रा करने से पहले वैध टिकट अवश्य लें तथा जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें।

धनबाद रेल मंडल का कहना है कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और रेलवे की टिकट व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.