मनोज सिन्हा
रांची : JPSC और JSSC भर्ती प्रक्रिया को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को समर्थन देने के लिए रांची स्थित जयपाल सिंह स्टेडियम में मंगलवार को निरसा विधायक अरूप चटर्जी, सिंदरी विधायक कॉमरेड चन्द्रदेव महतो और पूर्व विधायक बिनोद सिंह पहुंचे।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने आंदोलनरत अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों को विस्तार से सुना। उन्होंने कहा कि झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में पूरी पारदर्शिता, समय पर नियुक्ति और अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।
नेताओं ने कहा कि युवाओं ने वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की है। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया से जुड़े किसी भी विवाद या अनियमितता का समाधान निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों का विश्वास कायम रहे।
उन्होंने आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया कि उनकी जायज मांगों को विधानसभा से लेकर सड़क तक मजबूती के साथ उठाया जाएगा। साथ ही युवाओं के अधिकार और भविष्य की लड़ाई में हर स्तर पर सहयोग करने की बात कही।
अभ्यर्थियों ने भी जनप्रतिनिधियों के समर्थन पर आभार जताते हुए अपनी मांगों के शीघ्र समाधान की उम्मीद व्यक्त की।




