विभाग स्तरीय संस्कृति महोत्सव के लिए विद्यार्थियों का चयन
गिरिडीह: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा, गिरिडीह में आयोजित विद्यालय स्तरीय प्रश्न मंच एवं संस्कृति बोध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता के आधार पर विज्ञान, वैदिक गणित, संस्कृति बोध, मूर्तिकला, कथा कथन एवं त्वरित भाषण सहित विभिन्न विधाओं में शिशु, बाल, किशोर और तरुण वर्ग के प्रतिभागियों का चयन विभाग स्तरीय संस्कृति महोत्सव के लिए किया गया। वहीं आचार्य पत्रवाचन प्रतियोगिता के लिए डॉ. ब्रजेश बर्णवाल का चयन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कमल ने दीप प्रज्ज्वलित कर, भारत माता पूजन एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर गणित प्रतियोगिता प्रमुख अनिल आचार्य, विज्ञान प्रतियोगिता प्रमुख निशा श्रेष्ठ एवं संस्कृति बोध प्रमुख दुलारचंद आचार्य ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का विषय प्रवेश कराया और विद्यार्थियों को अध्ययन, स्वाध्याय तथा प्रतिभा विकास के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य आनंद कमल ने चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विभाग स्तरीय संस्कृति महोत्सव में भी विद्यालय के छात्र-छात्राएं बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय, अभिभावकों और समाज का नाम गौरवान्वित करेंगे।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य बंधु-भगिनी उपस्थित रहे। अंत में विजेता विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
विलियम जैकब
लोक मंत्र न्यूज़ पोर्टल




