गिरिडीह में वज्रपात का कहर, 9 लोगों की दर्दनाक मौत

देवरी में एक ही परिवार के तीन बच्चों समेत पांच ने गंवाई जान, जिले में शोक की लहर गिरिडीह: जिले में तेज बारिश के दौरान हुई अलग-अलग वज्रपात की घटनाओं ने भारी तबाही मचा दी। आकाशीय बिजली गिरने से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में

देवरी में एक ही परिवार के तीन बच्चों समेत पांच ने गंवाई जान, जिले में शोक की लहर

गिरिडीह: जिले में तेज बारिश के दौरान हुई अलग-अलग वज्रपात की घटनाओं ने भारी तबाही मचा दी। आकाशीय बिजली गिरने से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सबसे हृदयविदारक घटना देवरी थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक ही परिवार के तीन बच्चों समेत पांच लोगों की जान चली गई।

देवरी थाना क्षेत्र के देवपहाड़ी स्थित गोसाईं आहर के समीप बारिश से बचने के लिए बैठे पांच किशोर अचानक वज्रपात की चपेट में आ गए। हादसे में अर्जुन कुमार साव (17), विष्णुदेव साव (13), गजेंद्र साव (15) और कुश कुमार तिवारी (18) की मौत हो गई, जबकि उमेश यादव (17) गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार किशोरों को मृत घोषित कर दिया।

इसी थाना क्षेत्र के बांसडीह पंचायत अंतर्गत तिलयडीह गांव में धान के खेत में बिचड़ा डाल रहे संतोष तिवारी (40) पर भी आकाशीय बिजली गिर गई। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना में विक्रम तिवारी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

जिले के अन्य क्षेत्रों में भी वज्रपात ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। गावां थाना क्षेत्र में पूनम देवी (35), बिरनी थाना क्षेत्र के बेड़गेरो गांव निवासी हनूश मियां (75), बगोदर थाना क्षेत्र में काम कर रहे लातेहार निवासी मजदूर समीर गिद तथा जमुआ थाना क्षेत्र के बागेडीह गांव निवासी आरती देवी की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी प्रभावित गांवों में पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। जनप्रतिनिधियों ने जिले में लगातार बढ़ रही वज्रपात की घटनाओं पर चिंता जताते हुए गांव-गांव में तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) लगाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर पहले लगाए गए तड़ित चालक चोरी हो चुके हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है। लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में आपदा से बचाव के लिए मजबूत और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत को सामने ला दिया है।

विलियम जैकब
लोक मंत्र न्यूज़ पोर्टल

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *