खूंटी : कर्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात हुए भीषण सड़क हादसे ने बिरसा नायक के परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बिरसा नायक की पत्नी, बेटी और नाती की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी दूसरी बेटी खुशबू कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से घर में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बिरसा नायक का परिवार मछली पकड़कर उसे बाजार में बेचने के सहारे अपना जीवनयापन करता था। इसी से होने वाली आमदनी से घर का खर्च, बच्चों का भरण-पोषण और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी होती थीं। इसके अलावा परिवार के लोग थोड़ी-बहुत खेती-बारी भी करते थे। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार किसी तरह अपनी जिंदगी की गाड़ी आगे बढ़ा रहा था। लेकिन गुरुवार की रात हुए सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
इस दुर्घटना में बिरसा नायक की पत्नी कसीला देवी उर्फ जवंती देवी, बेटी अंजलि कुमारी और नाती सौरभ नायक की मौत हो गई। वहीं, दूसरी बेटी खुशबू कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे बेहतर उपचार के लिए रिम्स भेजा गया है।
दो बेटे रोजी-रोटी की तलाश में असम, तीसरा घर पर था
इस हादसे के बाद बिरसा नायक के परिवार पर दुखों के साथ आर्थिक संकट भी गहरा गया है। उनके तीन बेटे दीपक, राजू नायक और बजरंग नायक हैं। इनमें दीपक और राजू रोजी-रोटी की तलाश में असम गए हुए हैं, जबकि तीसरा बेटा बजरंग घर पर ही रहता है। हादसे के वक्त वह घर में सो रहा था। इसी वजह से उसकी जान बच गई।
एक रात में उजड़ गई परिवार की दुनिया
एक ही रात में पत्नी, बेटी और नाती को खोने वाले बिरसा नायक के सामने अब परिवार को संभालने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। जिस परिवार का जीवन मछली पकड़ने और थोड़ी-बहुत खेती-बारी के सहारे चल रहा था, उस परिवार पर अब अपनों को खोने का गहरा दुख और भविष्य की चिंता एक साथ आ पड़ी है।
इस हृदयविदारक घटना ने न सिर्फ बिरसा नायक के परिवार को तोड़कर रख दिया है, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर दिया है। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है और हर आंख अपनों को खोने के गम में नम है।


