पारस कुमार इन्द्र्गुरु
लोहरदगा : जिले के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक शहीद अजय कुमार सिंह की शहादत दिवस पर रविवार को अजय उद्यान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त संदीप कुमार मीना, एसपी सादिक अनवर रिजवी, जिले के अधिकारी, समाजसेवी, शहीद के पिता और परिजन मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि सभा में अधिकारियों और उपस्थित लोगों ने अजय उद्यान के साथ पुलिस मुख्यालय परिसर में स्थापित शहीद अजय कुमार सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। सर्वधर्म प्रार्थना के बाद शहीद को शोक सलामी भी दी गई।
गौरतलब है कि चार अक्टूबर 2000 को पेशरार थाना क्षेत्र में पीपुल्स वार ग्रुप के नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में तत्कालीन एसपी अजय कुमार सिंह शहीद हो गए थे। उस समय लोहरदगा में नक्सली गतिविधियां चरम पर थीं और पेशरार क्षेत्र को अति उग्रवाद प्रभावित इलाकों में गिना जाता था। कर्तव्य निर्वहन के दौरान अजय कुमार सिंह ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने शहीद अजय कुमार सिंह की कर्तव्यनिष्ठा और आदर्शों को याद किया। उन्होंने कहा कि शहीद के बताए मार्ग पर चलते हुए जिले के विकास को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उपायुक्त ने कहा कि लोहरदगा अब नक्सलमुक्ति की दिशा में आगे बढ़ चुका है। इसके पीछे लंबे समय से सुरक्षाबलों और प्रशासन के प्रयास रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहीद एसपी अजय कुमार सिंह का बलिदान हमेशा स्मरणीय रहेगा और उनकी शहादत आने वाली पीढ़ियों को कर्तव्य और साहस की प्रेरणा देती रहेगी।
बेगूसराय में जन्मे अजय कुमार सिंह कम उम्र में भारतीय पुलिस सेवा के लिए चयनित हुए थे और उन्होंने पुलिस सेवा में योगदान दिया। उनकी शहादत के बाद उनकी स्मृति को संजोने के उद्देश्य से लोहरदगा में अजय उद्यान का निर्माण कराया गया और वहां उनकी प्रतिमा स्थापित की गई।
अजय उद्यान और पुलिस मुख्यालय परिसर में स्थापित प्रतिमाएं आज भी उनके बलिदान की याद दिलाती हैं। श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने शहीद अजय कुमार सिंह को नमन करते हुए उनके योगदान और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया।



