खजूर काटने निकले थे नानी-नाती, मधुमक्खियों के हमले में मौत

खपरताला गांव में मधुमक्खियों के हमले में घायल नानी और तीन वर्षीय नाती की इलाज के दौरान मौत, एक ही परिवार में दो मौतों से पसरा मातम।

 

महुआडांड़ : प्रखंड के खपरताला गांव में सोमवार को खजूर काटने के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने दो महिलाओं और एक तीन वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल नानी और नाती की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से गांव में शोक की लहर है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को खपरताला गांव की दो महिलाएं और करीब तीन वर्षीय अयन राज मुंडा खजूर काटने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड वहां पहुंचा और तीनों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के डंक से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन सभी को गुमला लेकर गए। वहां इलाज के दौरान सोमवार की रात करीब 10 बजे सरबीत देवी (48 वर्ष), पति सुले मुंडा ने दम तोड़ दिया।

वहीं, मधुमक्खियों के हमले में गंभीर रूप से घायल तीन वर्षीय अयन राज मुंडा, पिता सुरेश मुंडा की भी मंगलवार को करीब 12 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। नानी और नाती की कुछ ही घंटों के अंतराल में मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों के बीच भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।

एक ही परिवार में दो लोगों की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। घटना के बाद खपरताला गांव में घर से लेकर आसपास के इलाके तक मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि मधुमक्खियों के हमले की इस घटना ने परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *