सिमडेगा : सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल प्रेम कुमार दास का हाल जानने के लिए उपायुक्त कंचन सिंह सोमवार को शांति भवन मेडिकल सेंटर, बीरू पहुंचीं। उपायुक्त ने मेडिकल सेंटर के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से मुलाकात कर घायल के स्वास्थ्य की स्थिति तथा चल रहे उपचार की जानकारी ली।
उपायुक्त ने चिकित्सकों को प्रेम कुमार दास को बेहतर और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। मरीज के स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखने के साथ चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी कहा।
परिजनों से मिलीं उपायुक्त
अस्पताल में उपायुक्त ने प्रेम कुमार दास के परिजनों से भी मुलाकात की और उनका हाल जाना। उन्होंने परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का भरोसा दिलाया। उपायुक्त ने चिकित्सकों से मरीज की स्थिति को लेकर नियमित जानकारी लेते रहने तथा उपचार में पूरी गंभीरता बरतने को कहा।
प्रेम कुमार दास सिमडेगा में अपनी सामाजिक गतिविधियों के लिए भी जाने जाते हैं। उपायुक्त ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और चिकित्सकों को उपचार में पूरी तत्परता बरतने का निर्देश दिया।
मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी-सह-नजारत उप समाहर्ता नरेश रजक सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।




