परसबनिया : न्यू जनता सपोर्टिंग क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय कॉमरेड ए.के. राय मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। समापन समारोह में सिंदरी विधायक चन्द्रदेव महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि सिंदरी के पुलिस उपाधीक्षक प्रकाश चन्द्र महतो विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए उनका हौसला बढ़ाया।
रघुनाथपुर ने पुरुष वर्ग का खिताब जीता
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में आकाश स्पोर्टिंग क्लब रघुनाथपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चंदन स्पोर्टिंग क्लब जयरामपुर को 4-0 से पराजित किया। इस जीत के साथ रघुनाथपुर की टीम ने टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
महिला वर्ग में पुरुलिया की टीम विजेता
महिला वर्ग के फाइनल में सारा एफ.सी. पुरुलिया और पंचेत एफ.सी. के बीच मुकाबला हुआ। पुरुलिया की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए पंचेत एफ.सी. को 3-0 से हराया और विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता के समापन पर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह देखने को मिला। आयोजन को सफल बनाने में न्यू जनता सपोर्टिंग क्लब के सदस्यों प्रेम, राजा, सोनू, आकाश, विशाल, मोनू, लालू, सुमित, जीत, पिंटू और अभी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




