अब्दुल बारीक
रातू : क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। इसी बीच रातू स्थित महारानी प्रेम मंजरी प्रो. बालिका उच्च विद्यालय की बाउंड्री वॉल का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। बारिश के कारण विद्यालय परिसर की जमीन गीली और कमजोर होने को दीवार गिरने की वजह बताया जा रहा है।
लगातार बारिश से कमजोर हुई जमीन
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, कई दिनों से हो रही बारिश के कारण स्कूल परिसर की मिट्टी में नमी बढ़ गई थी। जमीन कमजोर होने के बाद बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा अचानक धराशायी हो गया। दीवार गिरने से स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
खाली था परिसर, टला बड़ा हादसा
राहत की बात यह रही कि जिस समय दीवार गिरी, उस वक्त आसपास कोई छात्रा, शिक्षक या अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। विद्यालय परिसर खाली होने के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यदि घटना स्कूल संचालन के दौरान होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
बाउंड्री वॉल का हिस्सा गिरने के बाद विद्यालय परिसर खुला हो गया है। इससे असामाजिक तत्वों के प्रवेश के साथ-साथ आवारा पशुओं के परिसर में आने का खतरा बढ़ गया है। विद्यालय प्रशासन और स्थानीय अभिभावकों ने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग
विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन तथा शिक्षा विभाग से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है। उन्होंने गिरी हुई दीवार का जल्द पुनर्निर्माण कराने की मांग की है, ताकि विद्यालय परिसर को सुरक्षित किया जा सके।
इसके साथ ही बारिश से विद्यालय भवन और परिसर के अन्य हिस्सों को हुए संभावित नुकसान का भी निरीक्षण कराने की मांग की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावित हिस्सों की जांच और मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।




