लोकमंत्र की खबर के बाद जागा प्रशासन, सड़क को मिली बड़ी राहत

लोकमंत्र की खबर के बाद प्रशासन और पथ निर्माण विभाग ने हुरहुरी-सियार टोली मुख्य मार्ग की मरम्मत शुरू कर दी। बरसात के बाद पक्के निर्माण का आश्वासन मिला है।

अब्दुल बारीक

रातू :जर्जर सड़क की समस्या को लेकर लोकमंत्र में प्रकाशित खबर का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। हुरहुरी-सियार टोली तिलस्मानी होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर और रिंग रोड को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर खबर प्रकाशित होने के करीब 48 घंटे के भीतर प्रशासन और पथ निर्माण विभाग की टीम सक्रिय हुई। मौके पर जेसीबी और मजदूरों को भेजकर सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया गया।

गड्ढों से मिली राहत

सड़क पर मोरम और गिट्टी डालकर फिलहाल गड्ढों को भर दिया गया है। इससे मार्ग को चलने लायक बनाया गया है और रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले ग्रामीणों, स्कूली बच्चों तथा वाहन चालकों को काफी राहत मिली है। लंबे समय से खराब सड़क के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

बारिश ने बिगाड़ दी थी सड़क की हालत

रातू-कांके क्षेत्र में यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन इसी रास्ते से होकर ट्रांसपोर्ट नगर और रिंग रोड तक पहुंचते हैं। लगातार हुई बारिश के कारण सड़क की हालत बेहद खराब हो गई थी। कई जगह करीब दो फीट तक गहरे गड्ढे बन गए थे, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। बाइक सवारों के गिरने और घायल होने की घटनाओं से भी स्थानीय लोग परेशान थे।

बरसात के बाद होगा पक्का निर्माण

मौके का निरीक्षण करने पहुंचे विभागीय अधिकारियों ने लोकमंत्र को बताया कि अभी की गई मरम्मत अस्थायी है। अधिकारियों के अनुसार मानसून समाप्त होने के बाद सड़क के स्थायी निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर फुल लेंथ में पक्की सड़क का निर्माण शुरू करने की बात कही गई है।

विभाग का कहना है कि सड़क को इस तरह तैयार किया जाएगा कि वह लंबे समय तक टिकाऊ रहे और लोगों को बार-बार ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

ग्रामीणों ने जताया आभार

सड़क पर गड्ढे भरने का काम शुरू होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि उन्होंने सड़क की बदहाली को लेकर कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोकमंत्र में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई शुरू की।

एक स्थानीय ग्रामीण ने कहा, “लोकमंत्र ने हमारी आवाज बनकर प्रशासन तक बात पहुंचाई, हम आभारी हैं। अब उम्मीद है कि जल्द ही पक्की सड़क भी बनेगी।”

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *