चैनपुर में करमा पूजा के बाद मातम, चार लड़कों की मौत, एक लापता

बोकिया पतरिया में करमा पूजा की सामग्री विसर्जन के दौरान पांच लड़के कोयल नदी की तेज धारा में डूबे, चार के शव मिले, एक की तलाश जारी।

 

चैनपुर I चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकिया पतरिया गांव में बुधवार सुबह करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कोयल नदी में विसर्जन के लिए उतरे पांच लड़के तेज धारा की चपेट में आकर डूब गए। हादसे में चार की मौत हो गई, जबकि एक किशोर अब भी लापता है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।

बताया गया कि बुधवार सुबह पांचों लड़के करमा पूजा की सामग्री लेकर कोयल नदी पहुंचे थे। विसर्जन के दौरान अचानक सभी नदी की तेज धारा में बह गए। लड़कों को डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और नदी में उतरकर उनकी तलाश शुरू की।

काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने चार लड़कों के शव बरामद कर लिए। सभी मृतक एक ही मोहल्ले के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने शवों को अस्पताल भेज दिया है। वहीं लापता किशोर की तलाश में अभियान जारी है।

मृतकों की पहचान नितेश कुमार (16), पिता बाबूलाल सिंह, विशाल कुमार सिंह (15), पिता तिलकधारी पासवान, अमित कुमार ठाकुर (20), पिता पुजारी ठाकुर और राजा सिंह (10), पिता संजय सिंह के रूप में हुई है। वहीं लापता किशोर की पहचान हेमंत सिंह (10), पिता सुनील सिंह के रूप में की गई है। सभी ग्राम पतरिया खुर्द के रहने वाले बताए गए हैं।

हादसे की सूचना मिलने के बाद चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि घटना में चार लड़कों की मौत हुई है, जबकि एक लड़का लापता है। पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया भी गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने पीड़ित परिवारों को सरकारी मुआवजा देने की मांग की।

स्थानीय ग्रामीण ब्रह्मदेव चौधरी ने बताया कि सभी लड़के करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने नदी गए थे। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां कोयल नदी की तेज धारा बहती है। इसी तेज बहाव की चपेट में आने से लड़के डूब गए।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *