रांची : नगड़ी क्षेत्र में बीती रात नगड़ी चेक पोस्ट के पास लोधमा रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में कर्रा थाना क्षेत्र के साही लौंग निवासी अजय साहू को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही रांची ग्रामीण युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष आरिफ अंसारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायल युवक की मदद के लिए आगे आए।
मौके पर पहुंचने के बाद आरिफ अंसारी ने बिना समय गंवाए घायल अजय साहू को अपनी देखरेख में नगड़ी स्थित आर्ची हॉस्पिटल पहुंचाया। उन्होंने डॉक्टरों से संपर्क कर घायल का तत्काल उपचार शुरू करवाने में भी सक्रिय भूमिका निभाई। समय पर अस्पताल पहुंचने और इलाज शुरू होने से अजय साहू की स्थिति में सुधार हुआ।
अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल अजय साहू की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। डॉक्टरों ने बताया कि हादसे के बाद घायल को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलती तो उसकी स्थिति और गंभीर हो सकती थी तथा जान पर भी बड़ा खतरा पैदा हो सकता था।
घटना के बाद आरिफ अंसारी की तत्परता और मानवीय संवेदना की स्थानीय स्तर पर चर्चा हो रही है। स्थानीय नागरिकों, प्रबुद्ध लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घायल की मदद के लिए तत्काल कदम उठाने को लेकर उनकी सराहना की है।




