रातू :रातू प्रखंड के हुरहुरी गांव निवासी हबीब अंसारी के 15 वर्षीय पुत्र रेहान अंसारी के लापता होने का मामला सामने आया है। रेहान महाराष्ट्र के जामिया अकलकुंआ मदरसा में रहकर पढ़ाई करता है और करीब 15 दिन पहले सालाना छुट्टी पर अपने घर आया था।
छुट्टी समाप्त होने के बाद शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे उसके पिता हबीब अंसारी उसे हटिया रेलवे स्टेशन छोड़ने पहुंचे। उन्होंने महाराष्ट्र के भुसावल के लिए जनरल टिकट कटाकर रेहान को मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस में बैठाया और इसके बाद वापस घर लौट आए। तय कार्यक्रम के अनुसार रेहान को शनिवार की शाम तक मदरसा पहुंच जाना था, लेकिन वह न तो मदरसा पहुंचा और न ही घर वापस लौटा।
रेहान के पास मोबाइल फोन नहीं है, जिसके कारण परिजन उससे सीधे संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। उसके लापता होने की जानकारी रविवार की सुबह सामने आई, जब पिता हबीब अंसारी ने उसके दोस्त को फोन किया। दोस्त ने बताया कि रेहान अभी तक मदरसा नहीं पहुंचा है। इसके बाद परिजनों ने मदरसा के शिक्षकों से भी संपर्क किया, लेकिन वहां से भी रेहान के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
किशोर के अचानक लापता होने से परिवार के लोग परेशान हैं और उसकी तलाश में जुटे हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन के साथ आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा है कि रेहान के संबंध में किसी भी व्यक्ति को कोई जानकारी मिले तो तुरंत परिवार को सूचित करें।
संपर्क करें:
पिता हबीब अंसारी: 9955905369
चाचा बरकत: 9771024059 / 9534033990
परिजनों ने अपील की है कि रेहान के संबंध में मिली छोटी से छोटी जानकारी भी तुरंत साझा करें। ऐसी कोई भी सूचना किशोर को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में मददगार साबित हो सकती है।




