सड़क हादसे में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर, हाइवा चालक गिरफ्तार

जोन्हाटोली-बरसलोया के पास हाइवा ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक की इलाज के दौरान मौत हुई, घायल साथी को रिम्स रेफर किया गया।

सिमडेगा I कोलेबिरा थाना क्षेत्र के जोन्हाटोली, बरसलोया के पास रविवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल हाइवा चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को हाइवा संख्या JH13J 6362 का चालक तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान जोन्हाटोली, बरसलोया के पास हाइवा ने मोटरसाइकिल संख्या JH20G 2258 को टक्कर मार दी। बाइक पर महुआटोली, जोन्हाटोली, बरसलोया निवासी अमृत बागे (35) और ज्योतिष बागे (23) सवार थे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिमडेगा के निर्देश पर कोलेबिरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोलेबिरा पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने अमृत बागे को मृत घोषित कर दिया।

वहीं गंभीर रूप से घायल ज्योतिष बागे की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया।

BNS की धाराओं में दर्ज हुआ मामला

मामले में सबत बागे के लिखित आवेदन के आधार पर कोलेबिरा थाना कांड संख्या 61/26, दिनांक 20 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 106(1), 125(a) एवं 125(b) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने मामले की त्वरित जांच शुरू करते हुए दुर्घटना में शामिल हाइवा चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान चालक कुलदीप प्रधान (22), निवासी सुन्दराटोली, थाना कोलेबिरा को गिरफ्तार कर लिया गया।

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने 21 सितंबर को आरोपी चालक को न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *