साहिबगंज । साहिबगंज जिले के कोटालपोखर थाना कांड संख्या 42/2023 में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी कुंदन कुमार झा, पिता शालिग्राम झा, के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई तेज कर दी है। आरोपी के बिहार के मुंगेर जिले में स्थित घर पर पुलिस ने इश्तेहार चिपकाया है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई के लिए कोटालपोखर थाना के सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार के मुंगेर जिले के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र स्थित वीर कुंवर सिंह कॉलोनी पहुंची। स्थानीय मुंगेर पुलिस के सहयोग से टीम ने न्यायालय के आदेश के तहत फरार आरोपी के घर पर इश्तेहार चस्पा किया।
लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर
कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पूर्व में भी कई बार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद आरोपी के नहीं मिलने पर न्यायालय के आदेश के आलोक में उसके घर पर इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई की गई है।
उपस्थित नहीं हुआ तो आगे बढ़ेगी कार्रवाई
थाना प्रभारी के अनुसार, इश्तेहार के माध्यम से आरोपी को न्यायालय या पुलिस के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत यदि आरोपी स्वयं उपस्थित नहीं होता है, तो उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास लगातार जारी हैं। पुलिस टीम उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।




