पांडू I महुगांवा पंचायत के ग्रामीणों ने मुख्य पथ से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को बैठक की। बैठक की अध्यक्षता विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह (मुन्ना सिंह) ने की, जबकि संचालन पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल चंद्रवंशी ने किया। बैठक में सड़क की जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर चर्चा हुई और पांडू अंचलाधिकारी के नाम आवेदन तैयार किया गया।
ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि महुगांवा दुर्गा बाड़ी के समीप से ग्राम कांती तक जाने वाली मुख्य सड़क के दोनों ओर कुछ लोगों ने सड़क की जमीन पर अतिक्रमण कर लिया है। ग्रामीणों के अनुसार, अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गई है, जिससे रोजाना आवागमन में परेशानी होती है। खासकर वाहनों के आने-जाने के दौरान सड़क संकरी होने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
बारिश में बढ़ जाती है परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में सड़क पर आवागमन की समस्या और गंभीर हो जाती है। उक्त सड़क आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए रोजमर्रा के आवागमन का प्रमुख रास्ता है और यह मुख्य मार्ग से जुड़ी हुई है। ऐसे में सड़क की जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराना जरूरी है, ताकि लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
बैठक में ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थल की जांच कराने तथा सड़क की जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में समस्या और बढ़ सकती है।
बैठक में शंभु सिंह, देवप्रसाद सिंह, रेखा सिंह, कामदेव सिंह, संतोष पासवान, कामेश्वर सिंह, मिथलेश चंद्रवंशी, विनोद साव, मुकुंद सोनी, भरदुल राम, ललेंद्र सिंह, रामस्वरूप शर्मा, संतु प्रजापति, सोनू सिंह, धर्मेंद्र पासवान, सुधीर पासवान, नागेंद्र सिंह, छोटू साव सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।




