आदित्यपुर । सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में युवक अमित सरदार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से आरोपियों ने शव को रेलवे लाइन के पास फेंक दिया था। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार समेत कई सामान बरामद किए हैं।
मामले में मृतक की मां बैहुल्या देवी, पति स्वर्गीय मंगल सरदार, निवासी कृष्णापुर बोंडीह, थाना आरआईटी ने 25 जुलाई 2026 को पुलिस को लिखित आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर आरआईटी थाना कांड संख्या 35/26, दिनांक 25 जुलाई 2026, धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत अज्ञात अपराधकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
अनुसंधान के दौरान चार आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस ने चार संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टिकू किस्कू उर्फ बाबू किस्कू (26 वर्ष), सोमा मुंडा उर्फ बुका मुंडा (38 वर्ष), स्वरूप सोरेन उर्फ कतुरु (27 वर्ष) और मिलन सिंह (18 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल हथियार और अन्य संबंधित सामान बरामद किए गए। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी सामान को विधिवत जब्त कर लिया है।
हथौड़ा, मोबाइल और बाइक समेत सामान बरामद
पुलिस ने हत्याकांड की जांच के दौरान निम्न सामान बरामद किया है—
- लोहे का हथौड़ा — 2
- स्मार्ट मोबाइल फोन — 4
- मोटरसाइकिल — 1
- मृतक की शर्ट, जिसमें पत्थर लपेटा हुआ था — 1
पुलिस का कहना है कि बरामद सामान मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है।
आरोपियों को भेजा जा रहा न्यायिक हिरासत में
गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों को खंगाल रही है। इसके साथ ही मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संभावित संलिप्तता को लेकर भी जांच जारी है।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
छापामारी एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई आरआईटी थाना प्रभारी पुअनि रविकांत पराशर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। टीम में पुअनि विमलेश कुमार महतो, पुअनि संजीव कुमार, सअनि विक्रम कुमार, आरक्षी उमाशंकर सिंह, हवलदार जॉनसन तेंगरा, आरक्षी सिदिऊ बुड़िउली और आरक्षी बबलू बिरूली शामिल रहे।




