टाटीझरिया पुलिस ने 17 माइल के पास पिकअप से 90 हजार अवैध लॉटरी टिकट बरामद कर चालक को गिरफ्तार किया, नेटवर्क की जांच जारी है।

टाटीझरिया । अवैध लॉटरी के कारोबार के खिलाफ टाटीझरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 90 हजार लॉटरी टिकटों की खेप बरामद की है। पुलिस ने 17 माइल के पास एक पिकअप वाहन को रोककर यह कार्रवाई की। मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार करने के साथ पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर की शाम करीब 5:10 बजे सूचना मिली थी कि हजारीबाग से टाटीझरिया होते हुए बगोदर की ओर एक पिकअप वाहन में अवैध लॉटरी टिकटों की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी इन्द्रजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और 17 माइल के पास निगरानी शुरू कर दी गई।

इसी दौरान हजारीबाग की ओर से सफेद रंग की एक पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर भागने लगा। सशस्त्र बलों की मदद से पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान बगोदर निवासी विकाश कुमार प्रजापति के रूप में हुई है। पुलिस ने पिकअप वाहन संख्या जेएच02बीडब्ल्यू3718 को जब्त कर लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर प्लास्टिक के बोरों में सील किए गए लॉटरी टिकट बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक कुल 30 बंडल मिले, जिनमें दो-दो कार्टन थे। इस तरह कुल 60 कार्टन बरामद किए गए। इनमें करीब 90 हजार लॉटरी पेपर रखे हुए थे। प्रत्येक कार्टन में लगभग 1,500 पेपर थे। बरामद लॉटरी पेपर पर अलग-अलग नामों से 21 प्रकार के टिकट छपे पाए गए।

मामले को लेकर टाटीझरिया थाना में कांड संख्या 48/26, दिनांक 8 सितंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ लॉटरी (विनियमन) अधिनियम 1998 की धारा 7(3) के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि लॉटरी टिकटों की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे बगोदर में किस व्यक्ति या गिरोह तक पहुंचाया जाना था। पुलिस अवैध लॉटरी के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *