बारिश ने खोली गावां की सड़क की पोल, हादसों से ग्रामीण परेशान

बारिश के बाद गावां की मुख्य सड़क पर बने बड़े गड्ढे तालाब में बदल गए हैं। ग्रामीण हादसों से परेशान हैं और जल्द मरम्मत की मांग कर रहे हैं।

विलियम जैकब

गावां,गिरिडीह : गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड क्षेत्र में बबूलल सेतु पुल से गावां थाना मोड़ तक मुख्य सड़क की स्थिति इन दिनों बेहद खराब हो गई है। बारिश के बाद सड़क पर बने दर्जनों बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे पूरी सड़क जगह-जगह तालाब जैसी नजर आ रही है।

यह मार्ग तीसरी और राजधनवार होते हुए गिरिडीह जिला मुख्यालय तथा अनुमंडल कार्यालय को जोड़ता है। प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने के लिए भी ग्रामीणों को इसी सड़क से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे में सड़क की बदहाली ने राहगीरों के साथ बस चालकों, टोटो चालकों, स्कूली विद्यार्थियों और स्थानीय ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर अब तक ठोस पहल नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने स्थानीय सांसद, विधायक और संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों में बढ़ा आक्रोश

विधायक प्रतिनिधि मुन्ना सिंह ने कहा कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत और गड्ढों की भराई शुरू नहीं की गई तो भाजपा के बैनर तले आंदोलन किया जाएगा।

पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने सड़क की स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में सड़क पर इतने बड़े गड्ढे सरकार की नाकामयाबी को दर्शाते हैं। उन्होंने स्थानीय सांसद और विधायक पर भी गावां प्रखंड के विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

20 सूत्री अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहे हैं। विभाग को तत्काल ध्यान देकर सड़क की स्थिति सुधारनी चाहिए, ताकि राहगीरों को सुरक्षित और सुगम यात्रा मिल सके।

जिला परिषद सदस्य पवन चौधरी ने बताया कि जमीनी विवाद के कारण सड़क का काम रुका हुआ है और मामला हाईकोर्ट में लंबित है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद संबंधित विभाग को वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए सड़क की समस्या जल्द दूर करनी चाहिए।

युवा अध्यक्ष शुभम भानु ने कहा कि गड्ढों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। वहीं राष्ट्रीय मानवाधिकार के अध्यक्ष मंटू सिंह ने लगातार हो रही दुर्घटनाओं का हवाला देते हुए अंचल अधिकारी और जिला उपायुक्त से सड़क को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की।

PWD संवेदक ने कही जल्द गड्ढे भरने की बात

मामले में PWD संवेदक ने बताया कि निजी जमीन से जुड़े विवाद के कारण सड़क का काम फिलहाल रुका हुआ है। यह मामला हाईकोर्ट में लंबित है। हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क पर बारिश के कारण बने बड़े-बड़े गड्ढों को बहुत जल्द भरवाया जाएगा।

सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों का कहना है कि विवाद का समाधान होने तक कम से कम गड्ढों की मरम्मत कर आवागमन को सुरक्षित बनाया जाना चाहिए।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *