चलती कार पर अचानक भरभराकर गिरा पेड़, तीन सवार बाल-बाल बचे

महुआडांड़ के बिरसा में आईआरबी कैंप के पास चलती कार पर अचानक पेड़ गिर गया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई, लेकिन तीनों सवार सुरक्षित बच गए।

मनीष सिंह

महुआडांड़ : प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच बिरसा स्थित आईआरबी कैंप के समीप एक बड़ा हादसा टल गया। यहां एक चलती कार पर अचानक पेड़ टूटकर गिर पड़ा। पेड़ गिरने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसमें सवार तीन लोग बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार, कार पत्रकार पारस यादव की थी। वह खुद कार चलाकर महुआडांड़ आए थे और वहां से अपने घर बारेसाढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान आईआरबी कैंप के पास अचानक एक पेड़ टूटकर कार के ऊपर जा गिरा। पेड़ के अचानक गिरने से कार में सवार लोगों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला।

हादसे के तुरंत बाद कार में सवार तीनों लोग किसी तरह बाहर निकल आए। इस दौरान पत्रकार पारस यादव का मोबाइल फोन कार के अंदर ही छूट गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से सड़क पर गिरे पेड़ को हटाया गया, जिसके बाद क्षतिग्रस्त कार को वहां से निकाला जा सका।

इसके बाद पारस यादव उसी क्षतिग्रस्त हालत में कार चलाकर अपने घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कार को जैसे-तैसे चलाकर घर तक लाया गया है। पेड़ गिरने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

पेड़ गिरने की घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त कार में सवार तीनों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। लगातार बारिश के बीच हुई इस घटना ने एक बार फिर सड़क किनारे खड़े पेड़ों को लेकर सुरक्षा की चिंता बढ़ा दी है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *