प्रतापगढ़ : करीब दो माह बाद रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र पहुंचे राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के स्वागत में समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। ननौती से सांगीपुर तक करीब 10 से 12 किलोमीटर के रास्ते में जगह-जगह समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। डीजे, बैंड-बाजा, ढोल-ताशे और भांगड़ा के बीच समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। कई स्थानों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर प्रमोद तिवारी का अभिनंदन किया गया।
विशाल भीड़ के कारण प्रमोद तिवारी का काफिला कई घंटे में सांगीपुर पहुंच सका। रास्ते भर समर्थक नारेबाजी करते नजर आए। जगह-जगह बड़ी-बड़ी मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया गया और आतिशबाजी भी की गई। इस दौरान प्रमोद तिवारी भावुक दिखाई दिए और उन्होंने हाथ जोड़कर समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया।
स्वागत कार्यक्रम के बाद प्रमोद तिवारी, विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ और उनके नाती राघव घुइसरनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान कांग्रेस के पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में समर्थक और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, ब्लॉक प्रमुख लाल अशोक सिंह ‘बबलू’, जिला पंचायत सदस्य अशोक धर दुबे, रिंकू परिहार, अमिताभ शुक्ल, रामशरण शुक्ल, कुंवर बहादुर सिंह ‘काका’, अरुण सिंह, बबन पाण्डेय, अजीत मिश्र, व्यापार मंडल अध्यक्ष रिचा सिंह और मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल सहित हजारों की संख्या में समर्थक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




